लोहाघाट (चंपावत)। गुमदेश के प्रसिद्ध चैतोला मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मुख्य मेले के दिन ही मतदान होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मेला स्थल पर मतदान केंद्र बनाया गया है। हालांकि इस समस्या को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी मेला समिति से वार्ता करेंगे।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष हरक सिंह भंडारी और संरक्षक मदन कलौनी ने बताया कि गुमदेश का प्रसिद्ध चैतोला मेला इस वर्ष 18 से 20 अप्रैल तक आयोजित होगा जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य मेला 19 अप्रैल को होगा और उसी दिन लोकसभा चुनाव का मतदान भी होना है। उन्होंने बताया कि मेला स्थल में ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमवेदल में मतदान स्थल है।
इस मतदान केंद्र में एक हजार से अधिक मतदाता शामिल हैं। चुनाव और मेला एक ही दिन होने के चलते मेले की भीड़ और शांति, सुरक्षा व्यवस्था व मतदान के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। कलौनी ने बताया कि 27 मार्च बुधवार को मेला समिति का पुनर्गठन किया जाएगा। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी क्षेत्रीय लोगों से वार्ता करेंगे और मतदान स्थल अन्यत्र बनाए जाने को लेकर भी चर्चा की जाएगी।