नगर के भीड़भाड़ वाले स्टेशन बाजार में बंद पड़े स्कबर को खोलने के दौरान कटी बीएसएनएल की अंडर ग्राउंड केबल आठवें दिन जुड़ पाई, जिसके बाद बीएसएनएल की सेवाएं पूर्ण रूप से सुचारु हो गई हैं। केबल जुड़ने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि विगत एक सप्ताह पूर्व एनएच की ओर से अनुबंधित ठेकेदार द्वारा नगर के ओली भवन के सामने सड़क के नीचे बंद पड़े स्क्रबर खोलने के लिए जेसीबी से सड़क में खुदाई का कार्य शुरू किया था।
सोमवार की रात को खुदाई के दौरान बीएसएनएल की अंडर ग्राउंड केबल कटने से लैंड लाईन और ब्रॉडबैंड सेवा ठप पड़ गई। लाईन कटने के कारण जहां अल्मोड़ा अर्बन बैंक में कामकाज प्रभावित रहा, वहीं साइबर कैफे ठप होने से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फार्म भरने वाले युवाओं को काफी फजीहतें झेलनी पड़ी थी। बीएसएनएल द्वारा लोगों की दिक्कतों को देखते हुए करीब चार दिन पूर्व से कटी लाईन जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया था, जिसे सोमवार को पूरा कर लिया गया। लाइन कटने से स्टेशन बाजार से हिटलर मार्केट, खड़ी बाजार में बीएसएनएल की लैंड लाईन और ब्रॉडबैंड सेवा ठप पड़ गई थी। बीएसएनएल के उपमंडल अभियंता मनीष पंत का कहना है कि सड़क खुदान के दौरान कटी विभाग की अंडर ग्राउंड केबल को जोड़ दिया गया है, जिसके बाद सेवाएं सुचारु हो गई हैं। ब्यूरो