चंपावत। चंपावत जिले के लोगों को अब आईसीयू (सघन निगरानी यूनिट) की सुविधा मिलने लगी है। रविवार को इसका शुभारंभ किया गया। विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि इसके अस्तित्व में आने से अब इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी। साथ ही लोगों को हल्द्वानी व अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्रों की दौड़ नहीं लगानी होगी। साथ ही नवजात शिशुओं के लिए एक-एक थेरेपी यूनिट और रेडिंट वार्मर का भी लोकार्पण किया। इससे शिशु को पीलिया से बचाव और वार्मर से शिशु में तापमान कम होने की दशा पर राहत मिल सकेगी।
पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि जिला अस्पताल केे भवन की मरम्मत कर सिर्फ चार महीने मेेें आईसीयू कक्ष बनाए गए हैं। उपकरणों को इनस्टॉल करने के बाद छह बेड वाले आईसीयू विधिवत शुरू हो जाएगा। अस्पताल के मुआयने में विधायक ने सफाई व्यवस्था मेें सुधार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खुद के खर्च पर दो सफाई कर्मी रखने को भी कहा। बाद में उन्होंने टनकपुर के लिए बीएडीपी से 25 लाख रुपये से खरीदी गई बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेेंस का हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक पाठक, मंडी समिति अध्यक्ष रामदत्त जोशी, हरीश पांडेय, कैलाश अधिकारी, सुंदर बोहरा, कृष्णा जोशी, रमेश भंडारी, दीपक मुरारी, मुकेश कलखुड़िया, रमेशदत्त जोशी, मनमोहन बोहरा, हरीश जोशी आदि मौजूद थे।
आईसीयू में मिलेगी ये खास सुविधाएं
आईसीयू में न केवल मरीजों का बेहतर इलाज होगा, बल्कि उनकी देखरेख के लिए वेंटिलेटर सहित आधुनिक मशीनें और विशेषज्ञ तकनीकी टीम भी होगी। इसमें छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को सुविधा मिल सकेगी। 24 घंटे सेवा देने वाले आईसीयू में वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर, ऑक्सीजन कंसट्रेटर, इनफ्यूजन पंप, मल्टीपेरामीटर मॉनीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, लेरिंगोस्कोप सहित कई उपकरण भी लगाए गए हैं।