भव्य झांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ पांच दिवसीय गोलज्यू महोत्सव शुरू हो गया है। उद्घाटन मौके पर छात्र छात्राओं ने जीजीआईसी से आयोजन स्थल गोरलचौड़ मैदान तक भव्य झांकी निकाली। लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने आयोजन को संस्कृति संरक्षण के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने में मददगार बताया।
गोरलचौड़ मैदान में मुख्य अतिथि लोहाघाट के विधायक फर्त्याल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महोत्सव का शुभारंभ किया। पंडित हरीश चंद्र पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता डा.बीसी जोशी और राजेंद्र गहतोड़ी के संचालन में हुए कार्यक्रम में जीजीआईसी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोक नृत्य पेश किए। जिला स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के सचिव दीपक अधिकारी के नेतृत्व में बच्चों ने कराटे द्वारा आत्मरक्षा करने का प्रदर्शन किया। इस मौके पर झांकी में भाग लेने वाले जीजीआईसी, माडर्न स्कूल, यूनिवर्सल, उदयन इंटरनेशनल, विद्यामंदिर, डिग्री कालेज आदि स्कूलों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
आकर्षण का केंद्र रही स्कूली बच्चों की झांकी
चंपावत। गोलज्यू महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। जीजीआईसी में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने झांकी को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। झांकी में छात्र छात्राओं ने गोलज्यू भगवान, तमाम देवी देवता, पारंपरिक परिधान रंग्याली पिछोड़ा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा छात्राओं ने आकर्षक परिधान में कलश यात्रा निकाली। झांकी जीजीआईसी, शांत बाजार, मोटर स्टेशन गोरलचौड़ मार्ग, गोलज्यू मंदिर होते हुए आयोजन स्थल गोरल चौड़ पहुंची।
पांच दिनी महोत्सव में ये होंगे कार्यक्रम
चंपावत। पांच दिनी महोत्सव के दौरान हर शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। नौ मई को प्रहलाद मेहरा के नेतृत्व में जन जागृति कला मंच बिंदुखत्ता, दस मई को वायस आफ इंडिया के विजेता पवन दीप राजन, प्रकाश रावत एंड पार्टी पिथौरागढ़ और जय गोलज्यू जन्मभूमि सांस्कृतिक केंद्र चंपावत के अलावा कानपुर के जादूगर कार्यक्रम पेश करेंगे। 11 को विहान सांस्कृतिक दल अल्मोड़ा के कलाकार, 12 को गढ़कला केंद्र पौड़ी गढ़वाल, गीत एवं नाट्य प्रभाग इलाहाबाद और 13 मई को कुमाऊंनी स्टार नाइट में पप्पू कार्की, हेमा ध्यानी और बेबी प्रियंका के कार्यक्रम के साथ महोत्सव का समापन होगा।
कई विदेशी मेहमान भी पहुंचे उद्घाटन समारोह में
चंपावत। बुधवार को हुए गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के उद्घाटन के मौके पर पड़ोसी देश नेपाल के जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नेपाल के विधायक प्रकाश रावल और लीलाधर भट्ट के अलावा चैंबर आफ कामर्स कंचनपुर के अध्यक्ष सुरेश रावल ने शिरकत की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने विदेशी मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
शिव सेवा संघ ने कराया बच्चों को जलपान
चंपावत। सुबह दस बजे से जीजीआईसी से निकली झांकी को आयोजन स्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लगा। इस दौरान तेज धूप निकली हुई थी। झांकी में शामिल स्कूली बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए शिव सेवा संघ के सदस्यों ने जलपान कराया। आयोजन में अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, विपिन पांडेय, विजय पांडेय, विजय वर्मा, हरीश सक्टा, नीरज पांडेय, मयूख चौधरी ने सहयोग दिया।
गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के उद्घाटन के मौके मौजूद गणमान्य लोग
चंपावत। गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के उद्घाटन पर तमाम लोग मौजूद रहे। इनमें एडीएम हेमंत वर्मा, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल, गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव एवं शैक्षिक उन्नयन समिति सचिव डॉ.यशवंत बोरा, डॉ.बीडी सुतेड़ी, विजय चौधरी, नवल जोशी, मुकेश गिरी, नीरज जोशी, व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, अमरनाथ वर्मा, कैलाश अधिकारी, रवींद्र तड़ागी, विकास साह, श्याम कार्की, दीपक लारा, भूपेंद्र सिंह भुप्पी शामिल थे।