चंपावत। गोरलचौड़ मैदान में चल रहे पांच दिनी गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या बिंदुखत्ता और नरसिंहडांडा के लोक कलाकारों के नाम रही। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति बिंदुखत्ता के कलाकारों ने ‘कै धुरी फुललो मासी को फूलो’ वंदना से कार्यक्रमों की शुरुआत की।
प्रहलाद मेहरा के नेतृत्व में आए लोक कलाकारों ने ‘तेले कती भलौ रूप यो पायो छ, सारी कुमाऊं में सब्बौ है भली चंपावत बाजार’ गीतों की प्रस्तुति पर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इसके अलावा भैरो सिंह मर्तोलिया, विनोद तिवारी, माया नेगी, लक्की, रोहित, मंजू, सिमरन, नवीन कार्की आदि कलाकारों ने ‘ओ हेमा जाग कां छ तेरो जलेबी को डाबो, ‘मेरी भाना दरमयानी’ आदि गीतों की प्रस्तुति दी।
कुमाऊं सुर सागर कला समिति नरसिंहडांडा के दल नायक जीवन बेड़ियाल के नेतृत्व में कलाकारों ने ‘दैना होया म्यारा गोलू देवा हो, दैणा होया भूमि का भुम्याला’ से गोलू देव की स्तुति की। इसके बाद ‘ग्यू जन तोड़े दीपा, तेर घघरो लंब है रौ छ’ के बोल पर झोड़ा, चांचरी, छपेली, न्यौली पेश की। लोक कलाकार जगदीश कुमार, संदीप कुमार, रोहित कुमार, जीवन कुमार, नीमा, कमला, गीता, उषा, निकिता, प्रियंका, ललित आदि ने जै भारत जै हिमाल, त्वै सिर झुकूला हम गीत की शानदार प्रस्तुति दी।
इससे पूर्व कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, श्याम सिंह कार्की, सुधीर साह, सभासद शकुंतला गोस्वामी आदि ने दीप जलकर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। देर रात्रि तक चले कार्यक्रमों के संचालन में पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, सभासद प्रकाश नाथ, दीपक तड़ागी, नंदन तड़ागी, नरेश जोशी आदि ने सहयोग दिया।
चंपावत। पांच दिनों तक चलने वाले गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के तहत हथकरघा विभाग की ओर से लगाए गए हैंडलूम के स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। काशीपुर, बरेली, बदायूं, बनारस, पीलीभीत आदि स्थानों से आए हथकरघा वस्त्र उत्पादकों की ओर से खादी के वस्त्रों की बिक्री की जा रही है। ग्रीष्मोत्सव के तहत गोरलचौड़ मैदान में लगाई गई टॉय ट्रेन, बड़ी चरखी और मिकी माउस हाउस बच्चों को खासा लुभा रहा है। मैदान में सुबह से शाम तक बच्चों की खासी भीड़ उमड़ रही है।