27 जनवरी को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर च्यूरानी के पास पिकअप दुर्घटना में मारे गए मिरतोली के लोगों के परिजनों और घायलों को लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक समिति बाराकोट की ओर से सहायता राशि बांटी गई। समिति की ओर से नौ मृतकों और घायलों के परिजनों को 6.05 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
रविवार को मिरतोली के ग्राम प्रधान लक्ष्मी दत्त जोशी की अध्यक्षता में सहायता राशि का वितरण किया गया। लड़ीधुरा समिति के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि नौ मृतकों के परिजनों को 4.20 लाख और 12 घायलों को 1.85 लाख रुपये की आर्थिक सहायता बांटी गई जिसमें आर्थिक रूप से बेहद कमजोर खीम चंद्र, प्रकाश सिंह, तारा दत्त के परिजनों को एक-एक लाख और त्रिलोक सिंह, सुरेश चंद्र, खीमानंद, कृष्ण चंद्र, दलीप सिंह, गणेश सिंह के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
जबकि घायल भूपाल सिंह, बिशन सिंह को 30-30 हजार, भवान सिंह, राजू अधिकारी को 25, खीम सिंह को 20, लालमणि, लाल सिंह को 15-15, कमल सिंह, दीपेंद्र, जगत सिंह, दीवान सिंह, गणेश सिंह, को पांच पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इस मौके पर रितेश वर्मा, जगदीश अधिकारी, प्रदीप ढेक, नवीन चंद्र जोशी, रमेश चंद्र जोशी, मनोज वर्मा, राम प्रसाद कालाकोटी, राकेश बोरा, त्रिभुवन उपाध्याय, दीनू अधिकारी, राजू अधिकारी, विनोद अधिकारी आदि मौजूद रहे।
नगेंद्र जोशी ने निभाई अहम भूमिका
लोहाघाट (चंपावत)। लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी ने अपने सहयोगियों के साथ सहायता के लिए मुहिम शुरू की। मुहिम के तहत लोगों के सहयोग से छह लाख पांच हजार रुपये की धनराशि एकत्र की गई। नगेंद्र के नेतृत्व में व्हाट्सअप, फेसबुक का सहारा लेने के साथ पूरे जिले में जाकर पीड़ितों के लिए लोगों से सहायता राशि जुटाई गई।
नगेंद्र जोशी ने 20 दिन का अवकाश लेकर आर्थिक सहायता जुटाने में अहम भूमिका निभाई। नगेंद्र ने पीड़ितों को सहयोग राशि देने वाले सभी विभागों, कर्मचारियों, व्यापारियों, लोगों के प्रति आभार जताया।