चंपावत डीएम कैंप कार्यालय में वीडियो कांफ्रेसिंग में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मंडलायुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी ने स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक प्रवासियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करते हुए हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम स्वरोजगार योजना एवं राहत वितरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रवासियों को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पीएमईजीपी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना, होम स्टे योजना सहित कृषि, उद्यान, पशुपालन, रेशम, मत्स्य आदि विभागों की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ भी इच्छुक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कम वेतन वाले कर्मचारियों एवं लाभार्थियों को समय से राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। राहत राशि उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर विलंब नहीं होना चाहिए।
डीएम एसएन पांडेय ने जिले में प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए किए जा रहे कार्यों के साथ ही राहत राशि वितरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वीडियो कांफ्रेंसिंग मे सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, डीडीओ एसके पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एनबी बचखेती, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र मीरा बोहरा, पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती आदि थे। संवाद