जीआईसी में छुट्टी के दिन भी चली कक्षाएं
- फोटो : अमर उजाला
संविधान निर्माता डा.बीआर अंबेडकर की पुण्यतिथि को परिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया गया। सोमवार को परिनिर्वाण दिवस को अवकाश घोषित किया गया। मगर कई स्कूलों में छुट्टी की जानकारी नहीं होने से काफी संख्या में छात्र स्कूल पहुंच गए। मुख्यालय के राजकीय इंटर कॉलेज में तो बाकायदा मंगलवार को पढ़ाई हुई।
सात किलोमीटर दूर किसकोट गांव के इंटर में पढ़ने वाले कमलाकांत रोज की तरह मंगलवार भी स्कूल आए। तो 5 किमी दूर फुंगर के 11वीं कक्षा के दीपक सिंह, दुधपोखरा के विवेकनाथ और 5 किमी दूर चौड़ा के निवासी हाईस्कूल के छात्र किशोर राणा स्कूल पहुंच गए। यहां पंजीकृत 419 छात्रों में से करीब 101 बच्चे स्कूल पहुंचे। बड़ी तादात में बच्चों के स्कूल आने से शिक्षकों ने विद्यालय को बंद करने के बजाय पढ़ाई शुरू कर दी। इसके अलावा कई अन्य स्कूलों के बच्चे विद्यालय पहुंचे, मगर वहां पहुंचने वालों की संख्या काफी कम रही।
प्रभारी प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने बताया कि अवकाश की वक्त पर जानकारी नहीं दी गई। आधिकारिक सूचना तो अभी भी नहीं मिली है। अलबत्ता अमर उजाला से छुट्टी की जानकारी मिली। दूरदराज के बच्चों के काफी संख्या में पहुंचने से छात्रों की पढ़ाई कराई गई।
अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर अवकाश की सोमवार शाम को जानकारी मिली। छुट्टी की इस सूचना की जानकारी वाट्सअप के जरिए प्रधानाचार्यों को दी गई। हो सकता है कि बीएसएनएल के फोन खराब होने से प्रधानाचार्यों तक जानकारी नहीं पहुंची हो।
अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी, चंपावत।