9 फरवरी तक वोटरों तक पहुंचाएं मतदाता पर्ची
- फोटो : अमर उजाला
मतदाता पर्चियों को 9 फरवरी की शाम तक हर हालत में वोटरों तक पहुंचाने के साथ शेष पर्चियां तहसीलदार को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अहमद इकबाल ने लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को ये निर्देश दिए।
पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता पर्ची घर-घर वोटरों तक पहुंचाने को कहा गया। ताकि मतदाताओं को वोटर लिस्ट में नाम खोजने को भटकना न पड़े। लोहाघाट के 178 बीएलओ को मतदाता पर्चियां भी उपलब्ध कराई गई।
मतदाता पर्चियां किसी भी सूरत में ग्राम प्रधान, बूथ लेवल एजेंट या सियासी कार्यकर्ताओं के माध्यम से वितरित न की जाए। ऐसा करने पर निलंबन के साथ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी बीएलओ को पहली बार के वोटरों को मतदान सहायता बूथ में सहयोगी कर्मी या आशा के साथ उपलब्ध कराई गई वोटर लिस्ट के जरिए मतदाताओं की सहायता करने के निर्देश दिए।
विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मतदान बूथ तक लाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एमसी जोशी, स्वीप प्रभारी जीवन कलोनी, पीसी जोशी के अलावा तमाम बीएलओ मौजूद थे। सोमवार को चंपावत विधानसभा क्षेत्र के 142 बीएलओ को पर्चियां दी जाएंगी।
दृष्टिहीन वोटर को मिलेगा सहायक
चंपावत जिले के 1215 दिव्यांग मतदाताओं को बूथों तक लाने के लिए राजस्व निरीक्षक के जरिए डोली, मजदूर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नेत्रहीन वोटर के लिए एक सहायक की सुविधा आयोग ने दी है।