रसोई गैस की किल्लत से नाराज लोगों ने शनिवार को फिर गैस एजेंसी के पास राजमार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम परितोष वर्मा और थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
शनिवार सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए लोग लाइन पर लगे थे। गैस के वाहन के न आने की सूचना पर लोग भड़क गए और राजमार्ग पर जाम लगा दिया। शेखर तिवारी, मनोज कुमार, विपिन कुमार, देवकी देवी, सावित्री देवी, विमला देवी, सरली देवी, किशन सिंह, राम सिंह आदि का कहना था कि कुप्रबंधन के कारण लोगों को अपना धन और समय बर्बाद करना पड़ रहा है। गैस मिलने न मिलने की सूचना उन्हें एक दिन पहले मिलनी चाहिए। एसडीएम परितोष वर्मा ने इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। साथ ही आईओसी के अधिकारियों से वार्ता कर आपूर्ति बढ़ाने को कहा। गैस एजेंसी प्रभारी प्रदीप कार्की के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में तीन हजार तथा नगर में छह सौ सिलेंडरों का बैकलॉक चल रहा है।