पाटी क्षेत्र के गरसाड़ी और गर्सलेख के जंगल में एकाएक भीषण आग लग गई। आग लगने से करीब चार हेक्टेयर से अधिक वन संपदा को नुकसान पहुंच गया है। आग के चलते जंगली जानवर भी प्रभावित हो रहे हैं।
पाटी के गर्सलेक एवं गरसाड़ी का जंगल बृहस्पतिवार को काफी देर तक धधकते रहा। मौके पर पहुंची वन कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद देर रात में आग पर काबू पाया। गरसाड़ी के जंगल के पास से ही देवीधुरा का सघन जंगल लगा हुआ है। जिससे गरसाड़ी के जंगल में भी काफी संख्या में जंगली जानवर विचरण करते हैं।
जंगल में आग लगने से पाटी-हल्द्वानी मोटर मार्ग में धुंए के कारण वाहन चालकों और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियां हो रही हैं। वन क्षेत्राधिकारी बीएस किरौला का कहना है कि कुछ राहगीरों द्वारा बीड़ी-सिगरेट फेंकने के कारण आग लगी है। कहा गया कि वनों में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।