चंपावत। हाथ से बल्ब लगाने और निकालने में कई बार करंट का झटका लगता है। मगर अब इस झटके से निजात मिल जाएगी। पाटी विकासखंड के भिंगराड़ा जीआईसी की दसवीं की छात्रा प्रीति भट्ट ने एक ऐसा नवाचारी मॉडल बनाया है, जिसके उपयोग से बल्ब लगाने और निकालने में हाथ नहीं लगाना पड़ेगा। बल्ब कनेक्टर एंड रिमूवर मॉडल के लिए इस छात्रा को इंस्पायर्ड एवार्ड के रूप में दस हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया गया।
प्रीति भट्ट ने बल्ब कनेक्टर एंड रिमूवर मॉडल को करीब तीन फीट लंबी एक खोखली स्टिक के सहारे बनाया है। इस खोखली स्टिक में बोतल को काट कर बोतल के अगले हिस्से को पाइप में फिट कर लकड़ी के ऊपरी हिस्से में स्विच लगाया। उसमें तार के माध्यम से एक एलईडी बल्ब लगाया। जिससे रात में अंधेरा होने, बल्ब फ्यूज होने पर उस बल्ब को जलाकर पाइप के माध्यम से फ्यूज बल्ब को बगैर किसी सहायता से निकाला और लगाया जा सकेगा।
प्रीति बताती हैं कि इस मॉडल को बनाने में करीब 200 रुपये का खर्च और दो घंटे का समय लगा। इस तरह से बल्ब लगाने या निकालने पर करंट का खतरा नहीं रहेगा। इस मॉडल को बनाने में शिक्षक अभिषेक श्रीवास्तव, बीना भट्ट, पान सिंह व सुरेश राम ने सहयोग किया। शिक्षक अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रीति भट्ट 15 मई को होने वाली राज्य स्तरीय इंस्पायर्ड एवार्ड प्रतियोगिता में जिले से प्रतिभाग करेगी।