लोहाघाट क्षेत्र में छात्र छात्राओं को ईधन संरक्षण की जानकारी देते ओएनजीसी के अक्षय चौहान।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। तेल एवं प्राकृतिक गैस आयोग (ओएनजीसी) की ओर से सक्षम कार्यक्रम के तहत विकासखंड के प्राथमिक विद्यालयों में हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को ईंधन की बचत कर उसके स्रोत बताए गए। ओएनजीसी देहरादून के अधिकारी अक्षय चौहान, वीरेंद्र सिंह, आरके गोयल ने बताया कि क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय चमौला, खडनौला, डैंसली विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को ईंधन की बचत और प्राकृतिक ईंधन संबंधी स्रोतों के संरक्षण की जानकारी दी। प्राथमिक शिक्षक संघ लोहाघाट के ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर प्रथोली, मंत्री मयंक पुनेठा ने आयोजन में सहयोग किया। मयंक ने ग्रामीणों को अपने जंगलों और प्राकृतिक स्रोतों को संरक्षित रख नशाखोरी से बचने को कहा। इस दौरान ओएनजीसी की ओर से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को स्कूल बैग, जूट बैग, मास्क, सैनिटाइजर, एलईडी बल्ब बांटे गए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जोगा सिंह धौनी, तारा अधिकारी, चंद्रलेखा गड़कोटी, गीता वर्मा, कैलाश ओली, चंद्रकिशोर पांडेय, मोहन गिरि, स्कूल प्रबंध समिति अध्यक्ष हीरा सिंह, ग्राम प्रधान सोनू बिष्ट आदि रहे।