जिले के सीमांत तरकुली ग्राम पंचायत में वायरल के प्रकोप फैल गया है। लगभग सभी घरों में लोग बीमार हैं। बताया गया कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण गांव की पेयजल आपूर्ति ठप होने से घाटी क्षेत्र के लोगों को दूषित पानी पीना पड़ा था, इस कारण बीमारियाें का प्रकोप बढ़ा है।
पूर्व प्रधान महा सिंह के अनुसार लगातार बारिश के बाद गांव में मौसमी बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। वर्तमान में गांव के तीस से ज्यादा ग्रामीण वायरल की चपेट में हैं। उनका कहना है कि गांव में चिकित्सा व्यवस्था की किसी प्रकार की सुविधा नहीं होने से ग्रामीण इलाज नहीं करा पा रहे हैं। सर्वाधिक दिक्कतें बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। विधायक प्रतिनिधि विपिन जोशी के अनुसार घाटी वाले इलाकों में भारी बारिश और धूप निकलने पर उमस भरी गर्मी के कारण संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और डीएम को ज्ञापन भेजकर शीघ्र प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की है।
बढ़ गए वायरल, सर्दी-जुकाम के मरीज
कभी ठंड और कभी उमस के बीच का मौसम लोगों पर भारी पड़ रहा है। इन दिनों अस्पतालों में मरीजों की भरमार हो रही है। जिला अस्पताल में वायरल, डायरिया, सर्दी-जुकाम के रोगी बढ़ रहे हैं। मुख्य चिकित्साधीक्षक डा.आरके जोशी ने बताया कि ओपीडी मरीजों की संख्या पिछले महीने से दोगुने हो गई है।
बुधवार को ये संख्या 97 थी। इसी तरह लधिया घाटी के श्रीरीठा साहिब में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने से मरीजों को परेशानी हो रही है। यहां इलाज की अकेली व्यवस्था फार्मेसिस्ट के सहारे है। सीएमएस ने बताया कि डायरिया से बचाव के लिए एहतियाती उपाय करने के अलावा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी जा रही है। बासी एवं तले-भुने भोजन से बचाव, साफ-सफाई, हाथ धोकर भोजन करना, उबला पानी पीने जैसे उपाय करने का सुझाव दिया गया है।