चंपावत। जिले में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के तहत चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला योजना में जिले के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 35 लाख की लागत से रंगरोगन और मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेतीखान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराकोट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलहिंडोला शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेतीखान में छह लाख की लागत से रंगरोगन, छत मरम्मत और अन्य कार्य कराए जाएंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में पांच लाख की लागत से आवासीय भवनों की सुरक्षा दीवार का निर्माण और पार्किग स्थल में इंटरलॉक टाइल्स बिछाई जाएंगी।
इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराकोट में छह लाख की लागत से टाइप-टू के आठ आवासों की मरम्मत और आठ लाख की लागत से टाइप-फोर के दो आवासों की मरम्मत और रंगरोगन का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलहिंडोला में पांच लाख की लागत से इंटरलॉक टाइल्स लगाई जाएंगी। विभाग की ओर से जिला योजना में अवमुक्त धनराशि को कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।
दो मोटर मार्गों के सुधार और डामरीकरण को मिली मंजूरी
चंपावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट विकासखंड में दो मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा में शामिल बाराकोट-रामेश्वर-ओखलंज मार्ग और उदयढूंगा-कोठेरा मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण कार्य को वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के तृतीय वृत्त खंड पिथौरागढ़ की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाराकोट क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत होने से क्षेत्र की पांच हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। संवाद