चंपावत। चंपावत जिले में कोराना जांच को भेजे गए चार सैंपल निगेटिव आए हैं। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि जिले की अब तक प्राप्त सभी 17 कोरोना जांच निगेटिव आई है। अलबत्ता अभी सात सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं चार सैंपल निगेटिव आने के बाद लोहाघाट के अस्पताल में आइसोलेशन में रखे गए दो लोगों को होम क्वारंटीन में भेज दिया गया है। चंपावत जिले में शुक्रवार को दो और लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया। अब कुल 132 संस्थागत क्वारंटीन हो गए हैं। इसके अलावा 3816 होम क्वारंटीन है। हरिद्वार से पाटी क्षेत्र में आए 12 लोगों को एहतियात के तौर पर होम क्वारंटीन भेजा गया है।
कोरोना से निपटने को जिले में बनी है 18 टीमें
चंपावत। कोरोना वायरस (कोविद-19) के खतरों से निपटने के लिए चंपावत जिले में 18 स्वास्थ्य टीमें बनाई गई हैं। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी का कहना है कि 6 एमआरपी (मेडिकल रिस्पांस पोस्ट), 5 चिकित्सा टीमें, 5 आरआरटी (रैपिड रिलीफ टीम) और 2 एंटी कोविद एंबुलेंस तैनात की गई हैं। जिले के तीन बड़े अस्पतालों में 149 बेड कोविद की संदेह वाले मरीज के लिए तैयार किए गए हैं। इसके अलावा सामान्य मरीजों के उपचार के लिए जिले के तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों में एक-एक एंबुलेंस और आपात चिकित्सा सेवा 108 की 5 एंबुलेंस मुस्तैद हैं।
पाटी में बगैर थर्मल स्कैनर के हो रही जांच
पाटी (चंपावत)। पाटी के सरकारी अस्पताल में थर्मल स्कैनर नहीं होने से सामान्य थर्मामीटर से लोगों की जांच की जा रही है। यहां पिछले एक माह में राजस्थान, उप्र, दिल्ली, हरिद्वार, हल्द्वानी आदि से आने वाले करीब 150 लोगों की स्कैनिंग की गई है। मगर ये स्कैनिंग सामान्य थर्मामीटर से हो रही है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह ने बताया कि थर्मल स्कैनर के लिए आग्रह किया गया है। संवाद
डीएम और एसपी ने क्वारंटीन किए गए लोगों का हालचाल जाना
लोहाघाट (चंपावत)। डीएम एसएन पांडेय, एसपी लोकेशवर सिंह ने लोहाघाट में क्वारंटीन किए गए बाहरी राज्यों से आए लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्हें साफ सफाई रखने के साथ सोशल डिस्टेंस का पालन करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि जीजीआईसी में बनाए गए क्वारंटीन शिविर में 30 लोगों को रखा गया है, जबकि अमर ज्योति होटल में अलीगढ़ से आए 11 लोगों को, दीप होटल में सल्ली गांव में काम के दौरान नेपाली के संपर्क में आए दो लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इस मौके पर तहसीलदार अबरार अहमद, एसओ मनीष खत्री, काउंसलर सावित्री राय आदि मौजूद रहे। संवाद
ग्रामीणों ने दो युवाओं को प्राथमिक स्कूल में क्वारंटीन किया
लोहाघाट (चंपावत)। डैंसली गांव में दिल्ली से आए दो युवाओं को लोगों ने गांव के प्राथमिक स्कूल में क्वारंटीन में रखा गया है। डैंसली के ग्राम प्रधान सोनू बिष्ट ने बताया कि गांव निवासी दो युवा लॉकडाउन के दौरान आनंद बिहार दिल्ली में कुछ दिन फंसे रहे। वह 28 मार्च को टनकपुर पहुंचे, जहां उन्हें चार दिन तक क्वारंटीन में रखने के बाद घर भेजा गया। दो अप्रैल को दोनों युवा गांव में पहुंचे तो एहतियातन तौर पर उन्हें गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन में रखा गया है। जिनके भोजन आदि की सारी व्यवस्था करने के साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है। संवाद
बरेली से लौटे युवक को मुंहबोली बहन ने कराया क्वारंटीन
टनकपुर (चंपावत)। बरेली से टनकपुर पहुंचे एक युवक को प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के संदेह में क्वारंटीन किया है। मूलरूप से बरेली निवासी एक युवक यहां मनिहारगोठ में परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर सरिया सटरिंग का काम करता है। वह परिवार को यहीं छोड़कर कुछ दिन पहले वह बरेली गया तो लॉकडाउन में वहीं फंस गया। बृहस्पतिवार की रात सब्जी ला रहे एक कैंटर में बैठ कर खटीमा तक आया और खटीमा से रेलवे पटरी के रास्ते पैदल चलकर शुक्रवार की सुबह टनकपुर पहुंचा तो पड़ोस में रहने वाली उसकी मुंहबोली बहन उसके स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए उसे लेकर अस्पताल पहुंची। चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि युवक को हल्का बुखार है। जिस कारण उसे एहतियातन क्वारंटीन किया गया है। संवाद