राजस्व उप निरीक्षक के आवेदन पत्र जमा करने की तिथि अब 31 दिसंबर कर दी गई है। ये जानकारी बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंस में राजस्व सचिव डीएस गर्ब्याल ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को दी।
राजस्व उप निरीक्षक के आवेदन पत्रों की जांच की समय सीमा पहले 10 नवंबर रखी गई थी। जिसे बढ़ाकर 30 नवंबर किया गया। इसके बाद प्राप्त आवेदन पत्रों की 15 दिसंबर तक जांच की गई। चंपावत में कुल प्राप्त 1656 आवेदन पत्रों में से जांच के बाद 188 निरस्त कर दिए गए थे। अब फार्म भरने की तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी गई है। साथ ही सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण से वंचित अभ्यर्थियों को पंजीकरण कराने के लिए 31 दिसंबर तक का वक्त दिया गया है। पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र को एक वर्ष के लिए मान्य करने के निर्देश भी सचिव ने दिए। साथ ही कहा गया कि अभ्यर्थी के अंकपत्र के नीचे नोटिफिकेशन होने पर वह प्रमाणपत्र मान्य किया जा सकेगा।
आवेदन के साथ प्रमाणपत्र संलग्न नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को भी शारीरिक दक्षता परीक्षा के दिन इसे जमा करने का मौका दिया गया है। वहीं 15 जनवरी 2016 से 25 जनवरी तक होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि में भी संशोधन किया गया है। अलबत्ता नई तारीख घोषित नहीं की गई है। वीडियो कांफ्रेंस में प्रभारी डीएम जेएस राठौर, लोहाघाट के एसडीएम सीएस डोबाल, टनकपुर के नरेश दुर्गापाल, पीडी केएन तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी आदि मौजूद थे।