टनकपुर (चंपावत)। शारदा वन रेंज से सटे ग्राम सभा उचौलीगोठ में वन विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त सोलर फेंसिंग की मरम्मत के बाद अब खराब बैटरी को भी बदल दिया है। रेंजर पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि अब लाइन में करंट दौड़ने लगा है और सोमवार की रात हाथी के गांव में घुसने को लेकर कोई सूचना नहीं मिली।
बता दें कि जनवरी के पहले सप्ताह से हाथी उचौलीगोठ गांव में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। इस बीच गांव में रामलीला मैदान के पास क्षतिग्रस्त सोलर फेंसिंग से सर्वाधिक हाथी घुसने की बात सामने आई थी। ग्रामीण निरंतर वन विभाग से क्षतिग्रस्त सोलर फेंसिंग की मरम्मत की मांग उठा रही थी। इस बीच विभाग की टीम हल्द्वानी से पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत करा दी, लेकिन इसके बाद बैटरी खराब होने से करंट नहीं दौड़ पाया और हाथी गांव में घुसना जारी रहे। ग्रामीणों ने कई कई दिन रात शोर मचाते हुए गुजारे। ग्रामीणों की गेहूं की फसल और पेड़ पौधे, सब्जी आदि को नुकसान पहुंचता रहा। रेंजर जोशी ने बताया कि सोमवार की शाम को गांव में खराब बैटरी को भी बदल दिया गया है और अब करंट दौड़ने लगा है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथी को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। इधर, निवर्तमान बीडीसी सदस्य सुंदर आर्या ने बताया कि मंगलवार को गांव में हाथी घुसने की कोई सूचना नहीं मिली है।