अखिल भारतीय काली कुमाऊं ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई। शुक्रवार को गोरलचौड़ मैदान में हुए उद्घाटन मैच में बनारस की टीम ने पिथौरागढ़ को एक के मुकाबले दो गोलों से हराया।
शनिवार को मेजबान चंपावत का देहरादून से मुकाबला होगा। इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला जज आशीष नैथानी, डीएम एसएन पांडेय, एसपी धीरेंद्र गुंज्याल और आयोजक सी-हॉक के चेयरमैन नरेंद्र लडवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
बनारस और पिथौरागढ़ के बीच हुए रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। बनारस की टीम के अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ी विक्रम सिंह ने 25वें मिनट में शानदार गोल दाग टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद 29वें मिनट में पिथौरागढ़ के अनुराग ने गोल के सहारे मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
मैच खत्म होने से सात मिनट पूर्व बनारस के कमल ने गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। रेफरी संदीप पोखरियाल और लाइनमैन वीरेंद्र बिष्ट व कुंदन सिंह थे। ऑफिशियल मनोज रहे। अशोक वर्मा और रघुराज देउपा ने आंखों देखा हाल सुनाया।
इस मौके पर एडीएम टीएस मर्तोलिया, चेयरमैन विजय वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, शंकर पांडेय, सभासद रोहित बिष्ट, लोकेश पुनेठा, प्रधानाचार्य महेंद्र बोहरा, खेल समन्वयक प्रदीप बोहरा, एडवोकेट डॉ.श्याम कार्की, विकास साह, पूरन सिंह कठायत, चंदन अधिकारी आदि मौजूद थे।