चंपावत। काली कुमाऊं राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता जारी है। सोमवार को हुए मुकाबले में अमृतसर ने लोहाघाट की टीम को संघर्षपूर्ण मुकाबले में एक गोल से हराया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अमृतसर, लोहाघाट के बीच गोरलचौड़ मैदान में खेला गया गया मुकाबला बेहद कांटे का रहा। दोनों ही टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
पहले हाफ के 13वें मिनट में अमृतसर के पीयूष पाल ने गोल किया। इसके बाद खेल काफी तेज हो गया। दूसरे हाफ में भी दोनों ही टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया। लोहाघाट की टीम को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन उनके खिलाड़ी गोल करने से चूक गए।
रेफरी की फाइनल सीटी बजने के साथ ही अमृतसर ने मैच अपने नाम किया। रेफरी तनवीर अहमद, वीरेंद्र सिंह, शिवा चौधरी थे। चतुर्थ अंपायर गोपाल बिष्ट थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा, रघुराज देउपा ने सुनाया। आयोजक सीहॉक के निदेशक नरेंद्र लडवाल ने बताया कि मंगलवार को वाराणसी, आक्रांता क्लब देहरादून के बीच मुकाबला खेला जाएगा।