चंपावत में एडीएम को ज्ञापन सौंपते लोक कलाकार भैरव दत्त राय।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक दलों का साक्षात्कार आयोजित किए जाने के फैसले से लोक कलाकार भड़क गए हैं। उन्होंने इसके विरोध में एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि कोविड-19 के कारण वर्ष भर किसी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं हुए हैं। काम न मिलने के कारण कलाकार आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं।
ऐसी स्थिति में विभाग की ओर से कलाकारों को आर्थिक सहायता देने के स्थान पर साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। जो दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे कलाकारों में आक्रोश है। कलाकार इसके खिलाफ आंदोलन का मन बना रहे हैं। लोक कला दपर्ण के अध्यक्ष भैरव दत्त राय के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व में 2013 की आपदा के समय तत्कालीन सरकार की ओर से कलाकारों को राहत देते हुए साक्षात्कार की अवधि को 15 साल के लिए बढ़ा दिया गया था। ज्ञापन देने वालों में प्रकाश राय, विरेंद्र मेहता, कमल राय, गौरव, विकास, अभिषेक, पूजा, प्रियंका, अंजलि, कमल कुमार आदि शामिल रहे।