भारत नेपाल सीमा पर नेपाल द्वारा स्थापित ध्वज स्तंभ के उद्घाटन मौके पर नेपाली प्रशासन एवं गणमान्?
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के स्वागत द्वार की तर्ज पर ही नेपाल ने भी अपनी सीमा पर 77 फुट ऊंचा नेपाली ध्वज फहराया। बृहस्पतिवार देर शाम को नेपाली प्रशासन ने विधिवत नेपाली झंडे को फहराया। बताया जा रहा है कि नेपाली भूभाग पर लगाए गए झंडे को देख भारत से नेपाल जाने वालों को दूर से ही नेपाली सीमा का पता चल सकेगा।
नेपाल के तेरहवें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर की भीमदत्त नगर पालिका ने भारत नेपाल सीमा पिलर संख्या 805/ 1/7 के निकट गड्डाचौकी के समीप नेपाली भूभाग में 77 फुट ऊंचे पोल पर नेपाली झंडा फहराया है। भीमदत्त नगरपालिका के मेयर सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि नेपाल में सात राज्य और 77 जिले हैं। इसके तहत नेपाली झंडे की ऊंचाई सात फुट और पोल की ऊंचाई 77 फुट रखी गई है। बृहस्पतिवार को कंचनुपर के सीडीओ/ जिलाधिकारी नूरहरि खतिवड़ा ने नवनिर्मित झंडा स्तंभ का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर नेपाल के एसपी मुकुंद मरासनी, एसपी एपीफ बीर सिंह साहू, डीएसपी एसपीएफ केशव राज प्याकुरेल के अलावा गणमान्य नेपाली नागरिक आदि मौजूद रहे। दो वर्ष पूर्व भारत नेपाल सीमापर एसएसबी ने भारतीय क्षेत्र में स्वागत द्वार का निर्माण कराया था।