खून की कमी से 8 जून 2016 को पवैत की एक प्रसूता दीपा पांडेय की मौत के बाद चंपावत में ब्लड बैंक को लेकर लोगों में उबाल था। ब्लड बैंक तो नहीं खुल सका, मगर डीएम डॉ. अहमद इकबाल और जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आरके जोशी की प्रभावी पैरवी से 29 मई को ब्लड स्टोरेज यूनिट जरूर शुरू हो गई।
अब इस स्टोरेज यूनिट के शुरू होने के बाद अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस 14 जून को पहला रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीएमएस डॉ. जोशी ने बताया कि रक्तदान शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई है।
ब्लड स्टोरेज यूनिट की मदर यूनिट पिथौरागढ़ ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ. नरेंद्र शर्मा रक्तदान की समूची प्रक्रिया को अंजाम देंगे। इस दौरान रक्तदान से किसी की जिंदगी बचने के साथ ही खून देने वाले को होने वाले फायदों की जानकारी भी दी जाएगी।
सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले शिविर में सशस्त्र सीमा बल के जवानों के अलावा नौजवान और आम लोग शिरकत करेंगे। रक्तदान शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रक्तदान करने में आगे हैं सुनील और विकास
चंपावत के सुनील पुनेठा रक्तदान में बढ़-चढ़कर शिरकत करते रहे हैं। 26 साल के सुनील पांच बार रक्तदान कर चुके हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने 2010 से की। तबसे वह विभिन्न मौकों पर रक्तदान कर चुके हैं। इसी तरह चंपावत साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष विकास साह रक्तदान को हमेशा आगे रहे हैं।
2008 से अब तक आठ बार रक्तदान कर चुके हैं। अब अमर उजाला के रक्तदान शिविर में भी ये लोग रक्तदान करना चाहते हैं।