शहर के निजी अस्पताल के ओटी (आपरेशन थिएटर) कक्ष में अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग से ऑपरेशन थियेटर में रखी लाखों की मशीनें जल गई। अग्निशमन दल ने फौरन मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अस्पताल प्रबंधक के मुताबिक आग से करीब पचास लाख रुपए की क्षति हुई है।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चंद कालोनी स्थित तुषार अस्पताल के ओटी कक्ष से अचानक धुआं उठने लगा। अस्पताल कर्मियों ने ओटी का दरवाजा खोला तो पूरा कक्ष धुएं से भरा था। आनन-फानन में मरीजों को अस्पताल से सुरक्षित बाहर निकला गया और अग्निशमन दल को घटना की सूचना दी गई।
पता चलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई और लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। इससे पहले कि आग अस्पताल के अन्य कक्षों तक पहुंचती, पुलिस और अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन अस्पताल में भरा धुआं काफी देर बाद छंटा। अस्पताल प्रबंधक लीलाधर खर्कवाल के मुताबिक आग से ओटी में रखी मशीनें एवं अन्य सामान समेत करीब पचास लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण ओटी कक्ष में विद्युत तार में हुआ शार्ट-सर्किट माना जा रहा है। कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।