चंपावत के छीड़ा वीट में वन कर्मियों के साथ आग बुझाती महिलाएं।
- फोटो : CHAMPAWAT
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के सूरी, ईजड़ा के जंगलों में आग लगने से करीब दो हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में वन संपदा को नुकसान हुआ है। जंगल की आग के आबादी तक पहुंचने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद मकानों के पास पहुंची आग पर काबू पाया जा सका। बुधवार की देर रात सूरी के जंगलों में आग लग गई। तेज हवाओं के साथ आग ईजड़ा पहुंच गई। चीड़ के जंगलों में भीषण आग लगने से वन संपदा और वन्य जीवों को काफी नुकसान पहुंचने का अंदेशा जताया जा रहा है। ग्रामीण दीपक सिंह, प्रकाश सिंह, चंद्रशेखर, चिंतामणि, कलावती आदि का कहना है कि सूरी के जंगल की आग तेज हवाओं के साथ ईजड़ा के जंगलों से आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गई। ग्रामीणों ने गांव के किनारे अपनी जलौनी लकड़ियां और घास रखी हुई थी। आग के तेजी से आबादी की ओर बढ़ता देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आबादी में पहुंची आग को बुझाया। इससे उनकी घास और लकड़ियां सुरक्षित बच गई।