चंपावत। लोहाघाट ब्लॉक के सीमांत रौसाल क्षेत्र के पशुपालक काश्तकारों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही दुग्ध संघ की ओर से रौसाल में मिल्क ग्रोथ सेंटर की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर महिलाओं और पशुपालकों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। मिल्क ग्रोथ सेंटर खोलने के लिए दुग्ध संघ की ओर से सीमांत क्षेत्र के कई गांवों का सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है।
मिल्क ग्रोथ सेंटर की स्थापना का कार्य मई के प्रथम सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। इससे पूर्व क्षेत्र के पशुपालकों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर दुग्ध संघ की दुग्ध समितियां खोली जाएंगी। गौरतलब है कि अब तक सीमांत रौसाल क्षेत्र में डेयरी नहीं होने से पशुपालकों को दुग्ध संघ की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब क्षेत्र के पशुपालकों को योजनाओं का लाभ देने के उद्देश्य से दुग्ध संघ ने रौसाल ग्राम पंचायत में मिल्क ग्रोथ सेंटर खोला जा रहा है। इसके तहत पहले क्षेत्र के गांवों में दुग्ध समितियां खोलकर लोगों को पशुपालन से जोड़ा जाएगा। यहां चार स्थानों पर दुग्ध समितियां प्रस्तावित की गई हैं। इनमें रौसाल, सुल्ला, पासम और डूंगराबोरा शामिल हैं।
पशुपालन बनेगा महिलाओं के रोजगार का जरिया
चंपावत। दुग्ध संघ अध्यक्ष पार्वती जोशी के अनुसार जिले के रौसाल क्षेत्र में मिल्क ग्रोथ सेंटर खुलने से पशुपालन महिलाओं के रोजगार का महत्वपूर्ण जरिया बनेगा। दुग्ध उत्पादन के साथ ही पशुपालकों को दुग्ध संघ की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।
कोट
रौसाल क्षेत्र में मिल्क ग्रोथ सेंटर खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पहले इस क्षेत्र में चार स्थानों में दुग्ध समितियों को खोला जाएगा। जल्द ही रौसाल में मिल्क ग्रोथ सेंटर का कार्य शुरू किया जाएगा।
×राजेश मेहता, प्रबंधक, दुग्ध संघ चंपावत।