लोहाघाट के जंगल में लगी आग। स्रोत: ग्रामीण
लोहाघाट (चंपावत)। लंबे समय से बारिश न होने के कारण जंगलों में आग की घटनाएं हो रही हैं। जंगलों में आग लगने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। बृहस्पतिवार शाम को शंखपाल और भुमलाई के जंगलों में अराजक तत्वों ने आग लगा दी। रात भर लगी आग में बांज, बुरांश, फल्याठ और उतीस के छोटे-छोटे पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेंजर एनडी पांडेय ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। टीम के पहुंचने से पहले वन संपदा जलकर नष्ट हो गई। वन्य जीव में अपनी जान बचाकर यहां वहां भागते रहे। एसडीओ सुनील कुमार ने कहा कि जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आग लगाने वालों की सूचना लोगों से वन विभाग को देने की अपील की है।