टनकपुर (चंपावत)। शहर के वार्ड संख्या चार और सात के कंटेनमेंट क्षेत्र में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के करीब एक महीने पुराने मामले में एसपी लोकेश्वर सिंह के आदेश पर पुलिस ने नगर पालिका के दो सभासद और एक सभासद पति के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
बता दें कि एक साथ कई लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन ने डेढ़ महीने पहले शहर के वार्ड संख्या सात और चार के बस स्टेशन के पीछे के क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर लोगों के घरों से बाहर आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस दौरान जरूरी सामान के लिए परेशान हुए लोग कंटेनमेंट जोन की सीमा लांघकर एसडीएम से वार्ता करने तहसील पहुंच गए थे। उन्हें समझा बुझाकर किसी तरह वापस भेजा गया तो कुछ देर बाद वार्ड के लोगों का दो सभासदों और एक सभासद पति के साथ विवाद हो गया था। बताया गया कि मामले में वार्ड चार निवासी राकेश सक्सेना की पत्नी प्रीति सक्सेना ने वार्ड नौ के सभासद योगेश पांडेय और वार्ड आठ के सभासद अमित भट्ट के साथ ही वार्ड पांच की सभासद हुमा अंसारी के पति वकील अंसारी पर उसके और वार्ड के अन्य लोगों के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए एसपी का तहरीर भेजी थी। जिसे एसपी ने गंभीरता से लेते हुए टनकपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रीति सक्सेना की तहरीर पर दोनों सभासद और सभासद पति के खिलाफ आईपीसी की केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना एसएसआई योगेश दत्त को सौंपी गई है।