लगातार हो रही अकाल मौतों के बावजूद जिले में लोग बगैर हेलमेट पहनकर बाइक दौड़ा रहे हैं। पुलिस की ओर से तकरीबन रोज अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को सचेत और सावधान किया जाता है, लेकिन इसका दोपहिया चालकों विशेषकर युवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ ही वाहन सीज भी किए जा रहे हैं। ऐसे लोग अपने साथ ही राह चलते लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बने हुए हैं।
सोमवार को जिला मुख्यालय में जब अमर उजाला टीम ने मोटर स्टेशन का जायजा लिया तो अधिकांश दोपहिया चालक बगैर हेलमेट के ही नजर आए। लोहाघाट में पुलिस ने सोमवार को तीन वाहनों को जब्त कर तीन का कोर्ट चालान तथा 11 लोगों से जुर्माना वसूलकर उनके अभिभावकों को नोटिस भेजे हैं। अमर उजाला टीम की ओर से नगर के भीड़ वाले स्टेशन बाजार में स्थिति का जायजा लिया गया तो पांच मिनट में 112 दोपहिया वाहनों की आवाजाही हुई, जिसमें अधिकांश बगैर हेलमेट के चल रहे थे।
हेलमेट पहनने के फायदे--
- यह आपके सिर की हिफाजत करता है।
- सर्दियों और गर्मियों में इससे चेहरे को नुकसान नहीं होता।
- धूल मिट्टी से भी आंखों की सुरक्षा होती है।
- बारिश में बाइक चलाते वक्त परेशानी नहीं होती।
हेलमेट पहना होता तो शायद बच जाते
लोहाघाट। 30 जनवरी 2014 को च्यूरानी के पास विमल टम्टा एवं उसकी पत्नी की बाइक की टक्कर में मौके में मौत हो गई। 28 सितंबर को बांगा में ग्राम विकास अधिकारी गोस्वामी की भी मौत हुई। 17 अक्तूबर को बाराकोट मार्ग में नेपाली युवक मारा गया, जबकि 12 सितंबर 2015 को चुनाव प्रचार के दौरान पीजी कॉलेज की छात्रा रेनू अधिकारी की मृत्यु हुई। ताजा वारदात में 12 फरवरी को गलचौड़ा के पास लोनिवि के कनिष्ठ सहायक पुष्कर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। यदि यह सब लोग हेलमेट पहने होते तो शायद इनकी जान बच सकती थी।
जल्द शुरू की जाएगी सख्त कार्रवाई
लोहाघाट। थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी का कहना है कि अर्द्ध कुंभ से फोर्स नहीं आने के कारण सख्ती के साथ अभियान संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा है। जैसे ही फोर्स आती है, बगैर हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो जाएगी।