फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंद्रह मिनट के अंधड़ ने मचाई तबाही

Sat, 21 Apr 2018 10:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूराे चंपावत।
विज्ञापन
बनबसा में पेड़ गिरने से टूटा झाला। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 टनकपुर, बनबसा क्षेत्र शुक्रवार शाम पंद्रह मिनट के अंधड़ ने काफी तबाही मचाई। इस दौरान दर्जनों पेड़ और कई विद्युत पोल धराशायी हुए। पेड़ों के गिरने से कई मकान, झाले एवं उनमें रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हुआ हैं। वहीं, फल उत्पादकों को भी अंधड़ ने निराश किया है। छीनीगोठ में एक गरीब परिवार के झाले की छत उड़ गई। अलबत्ता मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में अंधड़ से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
विज्ञापन


शुक्रवार की शाम मौसम ने अचानक मिजाज बदला और अंधड़ से समूचा क्षेत्र धूल के गुबार में समा गया। टनकपुर और बनबसा में दर्जनों पेड़ धराशायी हुए। टनकपुर में नेहरू पार्क के पास खड़ी बस पर पेड़ गिरने से बस क्षतिग्रस्त हुई तो छीनीगोठ में निर्धन शेर राम के झाले का छज्जा हवा में उड़ गया। पूर्वी विचई में मथुरा दत्त भट्ट की गोशाला विशालकाय पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई एवं पशु भी घायल हुए हैं। स्टेडियम मैदान की चहारदीवारी भरभरा कर गिर गई। पेड़ गिरने से आईटीआई की चहारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हुई है। फलों से लदे पेड़ों पर भी अंधड़ से अब पचास प्रतिशत फसल ही रह गई है। आमबाग में लाली चंद का फल से लदा लीची का एक पेड़, सुरेश चंद के आम के दो पेड़, विचई में हरीश चंद का लीची का एक पेड़ धराशायी हुआ है। बनबसा के मीना बाजार में पेड़ की चपेट में आने से गंगादिन कश्यप पुत्र रामेश्वर कश्यप और आकाश सिंह पुत्र हरी सिंह का झाला ध्वस्त हो गया। साथ ही अंदर रखा टीवी, फ्रिज आदि घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। एसडीएम अनिल ने बताया कि पटवारियों को क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।


विधायक ने दौरा कर क्षति का जायजा लिया
क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने स्कूटी से अंधड़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर क्षति का जायजा लिया। उन्होंने यूपी सिंचाई विभाग को मीना बाजार कॉलोनी में खड़े सूखे पेड़ों का जल्द कटान कराने को कहा, वहीं एसडीएम अनिल चन्याल को अंधड़ से हुई क्षति का आकलन कर प्रभावितों को हर संभव मदद दिलाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान ईओ जयवीर सिंह राठी, भाजपा जिला महामंत्री दीपक रजवार, शंकर लाल वर्मा, हरीश चंद हैसियत, शत्रुघ्न कोठारी, सुभाष थपलियाल, प्रेम सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

  
अट्ठारह घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
टनकपुर/बनबसा। अंधड़ से बिजली आपूर्ति 18 घंटे ठप रही। शुक्रवार रात टनकपुर, बनबसा एवं मां पूर्णागिरि धाम का समूचा क्षेत्र अंधकार में रहा। शाम जैसे ही अंधड़ शुरू हुआ बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो शनिवार सुबह करीब ग्यारह बजे सुचारु हो सकी। विद्युत विभाग के जेई परमिंदर सिंह ने बताया कि सैनिक छावनी के पास 33 केवि लाइन पर पांच पेड़ गिरे थे। इसके अलावा गढ़ीगोठ में भी चार पेड़ों के गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। पूर्णागिरि फीडर में भी पेड़ों के गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हुई। उन्होंने बताया कि गढ़ीगोठ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कर आधे शहर एवं आधे गांव में शुक्रवार रात ही बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी। टनकपुर क्षेत्र में शनिवार को 18 घंटे बाद दोपहर करीब ग्यारह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें