जिले के लधियाघाटी क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है जिससे किसानों में रोष है। गत वर्ष से केंद्र सरकार की ओर से लघु एवं सीमांत किसानों को किसान सम्मान निधि प्रदान की जा रही है ताकि किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके लेकिन आज भी ऐसे सैकड़ों किसान हैं जिन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक के लधियाघाटी क्षेत्र के खरही, भिंगराड़ा, गड्यूड़ा, चल्थियां, साल, टांड़, मछियाड़, बालातड़ी, करोली, सकदेना, रमक, विनवालगांव, गौलडांडा सहित दर्जनों ग्राम पंचायतों में निवास करने वाले किसानों का कहना है कि किसान सम्मान निधि को लेकर बार-बार आवेदन मांगे जा रहे हैं लेकिन किसानों को सम्मान निधि का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
लाभ से वंचित लधियाघाटी क्षेत्र के दीपक शर्मा, भगवान, चंद्रशेखर, उमेश कुमार आदि किसानों ने बताया कि क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में ऐसे किसान हैं जिन्हें किसान सम्मान निधि नहीं मिल रही है। उन्होंने बताया कि उनका रिकार्ड राजस्व विभाग के पास दर्ज नहीं है। लधियाघाटी क्षेत्र के किसानों ने मांग की है कि किसानों के दस्तावेजों को जल्द से जल्द संबंधित विभाग ऑनलाइन करें जिससे वंचित किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल सके।
जिले में किसान सम्मान निधि से किसानों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया अभी जारी है। कृषि विभाग को किसानों के आवेदनों को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरेंद्र नारायण पांडेय, जिलाधिकारी, चंपावत।