बाराही धाम देवीधुरा में 14 अगस्त से 12 दिनी विश्व प्रसिद्ध बग्वाल मेला शुरू होगा। मेले का मुख्य आकर्षण बग्वाल 18 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा। मेले का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल करेंगे। बग्वाल फल फूलों से खेली जाएगी। सीएम को बाराही मंदिर में बग्वाल के लिए न्यौता दिया जाएगा। व्यापारियों से जिला पंचायत और मेला कमेटी द्वारा कोई टैक्स नहीं लिया जाएगा।
साढ़े पांच किमी मेला क्षेत्र की सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी होगी। यह निर्णय जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी की अध्यक्षता, डीएम डॉ. इकबाल अहमद, मंदिर कमेटी तथा चारखाम सात थोकों के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया।
कीर्ति जोशी के संचालन में हुई बैठक में डीएम का कहना था कि इस वर्ष मेले को और बेहतर रूप दिया जाएगा। उन्होंने लोनिवि, पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से लिंक मार्गों, परिक्रमा मार्ग, मुख्य बाजार एवं रास्तों क्री मरम्त करने के साथ संवेदनशील स्थानों में तीन जेसीबी तैनात करने के निर्देश दिए।
बैठक में बग्वाल मेले को पूर्णागिरि की तर्ज पर विकसित करने, पाटी एवं देवीधुरा की शराब की दुकान बंद रखने, पेयजल के लिए टैंकरों की व्यवस्था करने, मेले के दिन रोडवेज, केएमओयू की बसों का संचालन करने आदि कई प्रस्ताव पारित किए गए। मेला मजिस्ट्रेट पाटी की एसडीएम निर्मला बिष्ट के अनुसार मेले में नालियों के ऊपर दुकानें लगाने, शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मंदिर कमेटी के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, लोहाघाट के ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, चार खाम सात थोकों के प्रतिनिधि, मेला कमेटी अध्यक्ष खीम सिंह लमगड़िया, एसपी डीएस कुंवर, हयात सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। एसपी डीएस कुंवर ने कहा कि मेले के दौरान मेला क्षेत्र के अंदर दोपहिया वाहन प्रतिबंध रहेंगे। एआरटीओ रश्मि भट्ट ने कहा कि सभी टैक्सियों में किराये की सूची चस्पा न करने वालों तथा शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ साथ वाहनों को सीज कर दिया जाएगा। बैठक में डीएफओ के न आने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई।
ब्लॉक प्रमुख करेंगे फलों की व्यवस्था
लोहाघाट। बग्वाल मेले के दौरान इस वर्ष भी लोहाघाट के ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता फलों की व्यवस्था करेंगे। मेहता का कहना था कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक फलों की व्यवस्था करेंगे।
रक्तदान और बहुउद्देशीय शिविर लगेंगे
लोहाघाट। मेले में 15 अगस्त को रक्तदान शिविर, 16 अगस्त को समाज कल्याण विभाग बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन करेगा। 20 अगस्त को चंपावत जिले के होनहार विद्यार्थियों जिन्होंने उत्तराखंड परीक्षा बोर्ड मे 75 प्रतिशत तथा सीबीएसई में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए है उन्हें सम्मानित किया जाएगा।