देहरादून में चल रहे अंतर्राज्यीय सहकारिता मेेले में लोहाघाट के फल पदार्थों का स्वाद लोगों को खूब भा रहा है। शीतला फल संरक्षण सहकारी समिति लिमिटेड की ओर से वहां स्टाल लगाया गया है। इसमें उच्चकोटि के अदरख, बुरांश, माल्टा, संतरा, नींबू का जूस, सेब का जैम, चटनी आदि फल पदार्थों की भारी बिक्री हो रही है।
लोगों में अदरख के जूस की भी काफी मांग है। लोहाघाट के इस स्टाल में स्टार गायक पवनदीप राजन ने अपनी उपस्थिति देकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। पवनदीप का कहना था कि लोहाघाट के उत्पादों का अपना अलग ही स्वाद और जायका है। स्टाल का संचालन कर रहे धर्मघर साधन सहकारी समिति के सचिव भय्यू बोहरा, जीवन कुमार, एकीकृत सहकारी विकास परियोजना के महाप्रबंधक पंकज जोशी ने पवनदीप का स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट के अनुसार मेले में मांग के अनुसार सामान उपलब्ध न कराने का उन्हें काफी मलाल है। आगामी वर्ष पूरी तैयारी के साथ उनकी समिति मेले में भाग लेगी।