कोलीढेक झील परिसर में बना हाईटेक शौचालय। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। कोलीढेक झील में पर्यटन विभाग की ओर से हाईटेक शौचालय का निर्माण पूरा हो गया है लेकिन यहां पानी का कनेक्शन न मिलने से इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। शौचालय का शुभारंभ न होने से यहां आने वाले पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नाव संचालकों और पर्यटकों की मांग और पर्यटन विभाग की पहल पर सुलभ इंटरनेशनल की ओर से लाखों रुपये की लागत से कोलीढेक झील परिसर में हाईटेक शौचालय का निर्माण कराया गया था। करीब छह माह पूर्व मई में शौचालय का निर्माण कार्य हो गया था। सुलभ इंटरनेशनल ने पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन तो किया लेकिन पानी की समस्या के चलते कनेक्शन मिल नहीं पा रहा है। नगर के पास बनी कोलीढेक झील का सौंदर्य निहारने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं लेकिन पर्यटकों के लिए यहां शौचालय की व्यवस्था न होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही नाव चालक भी परेशान होते हैं।
कोलीढेक गांव के लिए बनी पेयजल योजना से झील परिसर में बने हाईटेक शौचालय में पानी का कनेक्शन देने से गांव में पानी की कमी हो जाएगी। इसकी जानकारी पहले ही दी गई थी। सुलभ शौचालय के लिए काफी पानी की आवश्यकता होती है। गांव के लिए पहले से ही पानी की कमी है। - धीरज जोशी, अवर अभियंता जल निगम
कोलीढेक झील में हाईटेक शौचालय निर्माण का कार्य मई में पूरा हो गया था। इसमें तीन अंग्रेजी, दो इंडियन शीट, चार मूत्रालय और दिव्यांगों के लिए अलग से शीट व बाथरूम तैयार किए गए हैं। शौचालय में पानी का कनेक्शन न होने के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। मई में पानी का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। - धर्मेंद्र कुमार पांडेय, पीओ सुलभ इंटरनेशनल
फोटो - 23 सीपीटी 15पी - कोलीढेक झील परिसर में बना हाईटेक शौचालय। संवाद