जिला निर्वाचन कार्यालय में बढ़ी चहल पहल
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में चहल पहल बढ़ गई है। देर रात तक निर्वाचन संबंधी काम पूरे किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय के विभिन्न कक्षों में रंगरोगन कर उन्हें चमकाया जा रहा है।
कार्यालय में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ही निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों और प्रभारी अधिकारियों की आवाजाही भी बढ़ गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत वर्मा ने बताया कि जिला कार्यालय में निर्वाचन कार्यों के संपादन के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी है। जो लगातार 24 घंटे कार्य करेगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एमसी जोशी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश पर चुनाव संबंधी सभी गतिविधियां पारदर्शी तरीके से की जा रही हैं।
मतदाता सूची में दर्ज किया जा सकता है नाम
चंपावत। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एमसी जोशी का कहना है कि एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाता अभी भी विधानसभा निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की पहली तिथि से सात दिन पहले तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जा सकता है।