लोहाघाट के चौक बाजार में सरकारी रास्ते में अतिक्रमण कर बनाया गया टिनशेड।
- फोटो : LOHAGHAT
नगर के चौक बाजार में एक व्यक्ति द्वारा सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर बनाए जा रहे टिनशेड को राजस्व, पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर दिया है। अतिक्रमणकारी को भविष्य में अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से उन्हें सूचना दी गई कि नगर के चौक बाजार में गोरखानगर जाने वाले मार्ग पर दीपक साह की ओर से अतिक्रमण कर टिनशैड का निर्माण किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार अबरार अहमद के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। एसडीएम का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार, ईओ कमल कुमार, एसआई देेवेंद्र मेहता, राकेश रौंकली शामिल थे।