लोहाघाट में शिक्षक नेता गोविंद बोहरा से बदसलूकी के विरोध में चंपावत एसपी कार्यालय में विरोध जता?
- फोटो : CHAMPAWAT
लोहाघाट/चंपावत। जनरल-ओबीसी इंप्लाइन फेडरेशन के कर्मियों ने लोहाघाट थानाध्यक्ष पर कर्मचारी नेता गोविंद बोहरा के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए बुधवार को लोहाघाट थाने का घेराव किया। आरोप लगाया कि एसोसिएशन के महामंत्री का मोबाइल फोन जब्त करने के साथ बदसलूकी भी की गई। अभद्रता की भनक लगने पर नाराज कर्मियों ने थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने एसओ के तबादले की मांग की और इसे लेकर बृहस्पतिवार को चंपावत कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
फेडरेशन के नेता बोहरा ने आरोप लगाया कि वह एक राजमिस्त्री की पत्नी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए बुधवार को एसओ से मिले थे। लेकिन उन्होंने पीएम रिपोर्ट देने से इंकार कर दिया। उनकी कार की चाभी लेकर उनके साथ अभद्रता की। जनरल-ओबीसी इंप्लाइज फेडरेशन जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने कहा की एसओ के इस बर्ताव से आहत कर्मियों ने पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने की मांग को चल रहे धरने को छोड़ थाने का घेराव कर दिया।
एसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। देर शाम तक कुछ लोगों ने मामले को सुझलाने की भी कोशिश की, मगर सुलह नहीं हो सकी। घेराव करने वालों में प्रकाश तड़ागी, भूपेंद्र देव ताऊ, कुंवर प्रथोली, जीवन मेहता, कमल राय, ईश्वरी लाल साह, गोविंद ओली, नवीन चंद, नवीन ओली सहित कई कर्मचारी शामिल थे। इधर लोहाघाट के घटनाक्रम की भनक लगते ही चंपावत में धरना दे रहे कर्मचारी भड़क गए और उन्होंने एसपी कार्यालय परिसर पर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारी नेता बंशीधर थ्वाल समेत तमाम नेताओं ने कहा कि अभद्रता करने वाले एसओ पर हर हाल में कार्रवाई हो। सीओ ध्यान सिंह के समझाने पर कर्मी धरने से हटे। इधर लोहाघाट के थानाध्यक्ष मनीष खत्री का कहना है कि उन्होेंने किसी से अभद्रता नहीं की।