टनकपुर (चंपावत)। खटीमा वन रेंज से सटे छीनीगोठ गांव में जंगली हाथियों का उत्पात तेज हो गया है। रविवार देर रात हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और किसानों की गेहूं और चरी आदि की फसल को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने वन विभाग से सोलर फेंसिंग कराने की मांग की है।
भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री मुकेश जोशी ने बताया कि रात में हाथियों ने छह किसानों की खेती को बर्बाद किया। इनमें कमला भट्ट, रवीश जोशी, प्रदीप जोशी, नीरज जोशी, भुवन जोशी आदि की गेहूं की फसल, केला, लीची के पौधों को नष्ट किया। जंगल के किनारे सोलर फेंसिंग न होने से आए दिन हाथी और जंगली जानवर गांव में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सोलर फेंसिंग लगाए जाने की मांग उठाई। बताया कि दूरभाष से वन विभाग की एसडीओ संचिता वर्मा के समक्ष सोलर फेंसिंग की मांग उठाई गई है।
कमला भट्ट ने कहा कि हाथियों के उत्पात के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचता है। इससे किसान हतोत्साहित होते हैं। शासन-प्रशासन को इससे निजात दिलाने के लिए ठोस रणनीति बनानी होगी।
किसान रवीश जोशी ने बताया कि हर साल हाथियों का झुंड गेहूं, केला, लीची की फसलों को नुकसान पहुंचाता है। साल में कई बार हाथियों का झुंड गांव में आता है। झुंड कई बार लोगों पर हमला कर देता है। ऐसे में इन्हें भगाना भी आसान नहीं है।