टनकपुर के थ्वालखेड़ा गांव में हाथियों के झुंड द्वारा तोड़ा गया बाथरूम का दरवाजा दिखाती गृह स्वा?
- फोटो : TANAKPUR
जंगल से लगे गांवों में हाथियों के झुंड का उत्पात बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार रात फिर थ्वालखेड़ा गांव में घुसे हाथियों के झुंड ने दो किसानों की खेत में खड़ी फसल रौंद दी। वहीं एक ग्रामीण के बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया।
इतना ही नहीं भगाने की कोशिश करने पर एक व्यक्ति के पीछे हाथी हमला करने को भी दौड़े। हाथियों के हमलावर तेवर से ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।
पिछले एक सप्ताह से हाथियों का झुंड पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से लगे गांवों में उत्पात मचा रहा है। विशेषकर थ्वालखेड़ा में हाथी आए दिन फसल और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बताया गया कि शुक्रवार रात हाथियों का झुंड फिर थ्वालखेड़ा में घुस आया और बहादुर सिंह व अंबा दत्त के खेत में धान की फसल रौंदकर तबाह कर दी।
हीरा देवी के घर तक पहुंचे हाथियों ने उनके बाथरूम का दरवाजा क्षतिग्रस्त कर दिया पीड़ित किसान अंबा दत्त ने बताया कि जब उसने हाथियों को भगाने की कोशिश की तो दो-तीन हाथी हमला करने को उसके पीछे दौड़े।
उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। निवर्तमान ग्राम प्रधान सुंदर सिंह, पूर्व प्रधान सतीश पांडेय आदि ने कहा है कि हाथियों के हमलावर तेवर से गांव में खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से सुरक्षात्मक कदम उठाने को कहा है।
टनकपुर के थ्वालखेड़ा गांव में हाथियों के झुंड द्वारा रौंदी गई धान की फसल।- फोटो : TANAKPUR