टनकपुर (चंपावत)। शारदा वन रेंज के ककराली गेट वन चौकी में मंगलवार रात हाथी घुस गया। टस्कर को देख वहां तैनात गेट कीपर ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। इसके बाद हाथी ने पास ही में एक घर की चहारदीवारी तोड़ने की कोशिश की। हाथी को भगाने के लिए रेंजर पीसी जोशी को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। वहीं रेंज से सटे उचौलीगोठ गांव में भी एक अन्य हाथी मंगलवार की रात घुसा और खेतों में फसल रौंद दी। ग्रामीणों ने किसी तरह से शोर मचाकर हाथी को जंगल में खदेड़ा।
बता दें कि शारदा वन रेंज में हाथियों का सर्वाधिक विचरण होता है। रेंजर जोशी ने बताया कि उचौलीगोठ गांव के पास सौर ऊर्जा का तार खराब हो गया था, जिसे बदल दिया है। बताया कि रात में ककराली गेट वन चौकी में घुसे हाथी ने गेट के पास एक ग्रामीण के घर की चहारदीवारी को तोड़ने की कोशिश की। बताया कि जाग होने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया तो हाथी वन चौकी परिसर में घुस गया। हाथी को देखकर वहां तैनात गेट कीपर बाॅबी सकते में आ गया और उसने किसी तरह भागकर जान बचाई।
वहीं रेंज से सटे पूर्णागिरि रोड के पास उचौलीगोठ ग्राम सभा में पिछले एक महीने से हाथी खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। समाजसेवी गणेश महर ने बताया कि मंगलवार शाम छह बजे ही उचौलीगोठ ग्राम सभा में हाथी पार्किंग के पास आ गया। इसके बाद 6:30 बजे हाथी गांव में घुस आया।
इसके बाद से ग्रामीणों ने शोर मचाया तो हाथी पुष्कर सिंह बोहरा, कुंदन सिंह महर, महेंद्र सिंह, केशव सिंह, राजकुमार, डूंगर सिंह, मोहन सिंह आदि के खेताें में गेहूं की फसल को रौंदते हुए आगे निकल गया। बताया कि करीब छह घंटे बाद बमुश्किल हाथी रात 12 बजे गांव से निकला जिसके बाद ग्रामीणों ने डर के साये में रात गुजारी।