नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र के कई गांवों में बीते छह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं को हो रही है।
तल्लादेश क्षेत्र के रियासी, वमनगांव, तरकुली सहित कई गांवों में 20 मार्च से बिजली नहीं है। लोगों को मोबाइल चार्जिंग के लिए भी भारी परेशानी हो रही है। बिजली नहीं होने से उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा परिषद के अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही है। यहां के बच्चे लैंप के सहारे पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि कई बार विभाग को जानकारी देने के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारुनहीं की गई है। महेश सिंह, बाबू सिंह, सुग्रीव सिंह, नारायण सिंह, रमेश राम, कौशल्या देवी, पार्वती देवी, इंद्रा देवी आदि ग्रामीणों ने जल्द बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। उधर, उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड चंपावत के जूनियर इंजीनियर आरसी पंत ने कहा कि बिजली आपूर्ति ठप होने की विभाग को शनिवार को जानकारी दी गई।
विभाग की तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है। रविवार तक बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।