चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र के कई गांवों में कई दिनों से बिजली की आंखमिचौली हो रही है। अनियमित आपूर्ति से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि तल्लादेश क्षेत्र के चामी गांव में 17 सितंबर से क्षेत्र में कभी-कभी दिन में बिजली आ रही है लेकिन रातभर बिजली है। इसी तरह बचकोट क्षेत्र में भी कई दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से रात को पढ़ाई से लेकर मोबाइल फोन के जरिये ऑनलाइन शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। बीडीसी सदस्य मनोज जोशी, गणेश जोशी, विकास सिंह, प्रदीप सिंह, प्रकाश सिंह, कैलाश सिंह, राजेश राम, श्याम राम, दिनेश पांडेय आदि ने दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर ऊर्जा निगम के जेई आरसी पंत ने कहा कि इन इलाकों की खामी को दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।