चंपावत। चंपावत जिले की 15 जिला पंचायत सदस्यों की सीटों में 12 पर मतदान होगा। नामांकन वापसी के बाद कानीकोट से आशा अधिकारी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन नौ प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस लिया।
चंपावत में पंचायत चुनाव रोमांचक मोड़ पर है। बृहस्पतिवार को मटियानी से पुष्कर राम, रैघांव से मनीषा कालाकोटी का निर्विरोध जिपं सदस्य बनना तय हो गया था जबकि जिपं सदस्य भंडारबोरा सीट पर आपराधिक मामला छुपाने और टनकपुर क्षेत्र से दूसरी महिला प्रत्याशी का लाभ के पद पर होने के चलते नामांकन निरस्त कर दिया गया था। शुक्रवार को अंतिम दिन नामांकन वापसी के बाद जिला पंचायत सदस्य की 12 सीटों पर 46 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। निर्वाचन अधिकारी विमल सूंठा ने बताया कि 12 सीटों पर चुनाव होगा। तीन सीटों पर नाम वापसी के बाद एक-एक प्रत्याशी रह गए हैं।
इधर भाजपा जहां अब 12 सीटों पर जीत के लिए रणनीति बनाने में लग गई है तो कांग्रेस भी चुनाव में बाजी मारने में जुटी है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने बताया कि पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता अधिकृत प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में जुट गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत ने कहा कि पार्टी ने चुनाव में किसी को अधिकृत नहीं किया है लेकिन चुनाव लड़ रहे मजबूत प्रत्याशियों को पार्टी पूरा समर्थन दे रही है।