चंपावत। चंपावत कैंपस में छात्र-छात्राओं ने छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित न होने पर शिक्षा मंत्री, कुलपति और कुलसचिव का पुतला फूंका। उन्हाेंने जल्द से जल्द चुनाव नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
बुधवार को पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष महर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने परिसर में प्रदर्शन कर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं चुनाव की तैयारी में थे लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक चुनाव को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने कहा कि चुनाव न कराना छात्र हितों का हनन है।
कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री को इसका संज्ञान लेकर तुरंत ही विश्वविद्यालयों को निर्देश देकर चुनाव की तिथि तय करानी चाहिए। समय से चुनाव न होना सरकार की लेटलतीफी है। जबकि पिछले साल समय से चुनाव हो गए थे। प्रदर्शन करने वालों में सागर मौनी, दीपक, संजय, प्रमोद, हरीश, हिमांशु, आशीष, हरीश, सूरज, दीपक, उषा सहित अन्य लोग थे।