डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में पांच दिवसीय डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला संपन्न हो गई। इस मौके पर नोएडा की क्रॉस वर्ल्ड प्रालि. कंपनी और कॉलेज के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। कंपनी ने लिखित और मौखिक परीक्षा लेकर छह छात्र-छात्राओं का चयन किया है।
कार्यशाला में विशेषज्ञ उपेंद्र राणा, ऋतु द्विवेदी, मनोज शर्मा आदि ने डिजिटल मार्केटिंग से संबंधित विभिन्न टूल्स जैसे एसईओ, एमएमओ, वेबसाइट डिजाइनिंग, पीपीसी, ब्लॉग्स, स्टोरी टेलिंग, यूट्यूब, वेबसाइट स्पीड, वेबसाइट के पेज को उन्नत बनाना, अपने वेब पेज पर लोकेशन डालना आदि विषयों का महत्व बताते हुए प्रशिक्षण दिया।
कॉलेज के निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि यह कार्यशाला प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। डिजिटल मार्केटिंग से छात्र अपना स्वतंत्र रोजगार स्थापित कर सकते हैं। कहा कि क्रॉस वर्ल्ड कंपनी के साथ अनुबंध से कॉलेज के छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट में मदद मिलेगी। छात्र-छात्राओं ने कार्यशाला को उपयोगी बताया।
कॉलेज के निदेशक ने विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। संचालन तृतीय वर्ष की छात्रा फरीना ने किया। इस मौके पर कार्यशाला के संयोजक मोहित कुमार, देश पाठक, विनीता नेगी, अंबिकेश यादव, अलप महर, अवनीश कुमार, नमित त्रिपाठी, हिमांशु साह आदि शिक्षक मौजूद थे।
क्रॉस वर्ल्ड कंपनी में इन छात्रों का हुआ चयन
टनकपुर (चंपावत)। डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला में क्रॉस वर्ल्ड प्रा. लि. कंपनी ने लिखित और मौखिक परीक्षा से मेकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र सुमित राजन, प्रांजल गुप्ता, श्रेय सक्सेना, मयंक भंडारी और सिविल इंजीनियरिंग के छात्र निगम मलिक और गोविंद सेन का चयन किया है।