चंपावत। चंपावत जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस वर्ष संस्थान में कंप्यूटर साइंस को एक नए विषय के रूप में जोड़ा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स विषय को पाठ्यक्रम से हटाया है। कॉलेज में कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 30-30 सीटें उपलब्ध कराई हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। पॉलीटेक्निक के प्राचार्य विनय शर्मा ने बताया कि कंप्यूटर साइंस विषय को लेकर छात्रों में खासा उत्साह है।
उन्होंने बताया कि बीते वर्ष इलेक्ट्रॉनिक्स विषय के छात्रों का कैंपस चयन हुआ था। इससे छात्रों का रुझान तकनीकी शिक्षा की ओर बढ़ा है। कंप्यूटर और इलेक्ट्रिकल जैसे विषयों की मांग को देखते हुए संस्थान ने इस वर्ष इन विषयों को प्रमुखता दी है। प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों से जल्द आवेदन करने की अपील की है क्योंकि सीमित सीटों पर प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।