चंपावत जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत के इसी निरीक्षण भवन की भूमि में बनाए जाएंगे ईको हट।
- फोटो : CHAMPAWAT
जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नवनिर्वाचित जिला पंचायत बोर्ड की ओर से ईको हटों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्ययोजना के तहत जिला मुख्यालय में प्रसार भारती के टीवी टावर के पास स्थित जिला पंचायत के निरीक्षण भवन परिसर में खाली पड़ी जमीन पर ईको हटों का निर्माण किया जाएगा।
इस संबंध में जिला पंचायत ने विभागीय औपचारिकताएं और आगणन तैयार कर प्रस्ताव मंजूरी के लिए शासन को भेजा है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जिला पंचायत अपने निरीक्षण भवन के पास पड़ी खाली भूमि का उपयोग पर्यटन को बढ़ावा देने में करेगी। ईको हटों के निर्माण से जिला पंचायत की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
जिला पंचायत की ओर से दियूरी में स्वामी विवेकानंद से जुड़े डाक बंगले का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। अपनी कुमाऊं यात्रा के दौरान स्वामी विवेकानंद ने इस डाक बंगले में प्रवास किया था। इसके अलावा जिला मुख्यालय में स्थित उस डाक बंगले को भी संवारा जाएगा, जहां स्वामी विवेकानंद ने एक रात्रि प्रवास किया था।
पूर्व में एबटमाउंट में बनाए जा चुके हैं ईको हट
चंपावत। जिले में पर्यटकों को आकर्षित करने और उन्हें आवासीय सुविधा मुहैया कराने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से एबटमाउंट में आठ ईको हटों का निर्माण किया जा चुका है। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट के अनुसार जल्द ही इन ईको हटों को पर्यटकों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।