लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड के ग्रामसभा सुई पऊ के डुंगरी तोक से कोलीढेक को जोड़ने वाली सड़क बदहाल हो गई। सड़क पर बने गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। मोटर मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मोटर मार्ग से प्रतिदिन आईटीबीपी कर्मी, कृषि विज्ञान केंद्र के कर्मचारी, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय और जीआईसी के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग ने सड़क के कुछ हिस्से में डामरीकरण किया था लेकिन अब पूरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं।
बरसात में गड्ढों में पानी भरने से फिसलन और खतरा बढ़ जाता है। ग्राम प्रधान योगेश ओली, भुवन चौबे, त्रिभुवन तिवारी, राजेश चौबे, सचिन जोशी, गौरव पांडेय और हरीशचंद्र सहित ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क की मरम्मत की मांग की है।
डुंगरी-कोलीढेक मोटर मार्ग के नवीनीकरण का प्रस्ताव प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर सड़क दुरुस्त कर दी जाएगी। - हितेश कांडपाल, ईई, लोनिवि लोहाघाट
कई बार लोनिवि से सड़क मरम्मत की मांग की जा चुकी है। विभाग ने सिर्फ एक दिन मशीन भेजकर इतिश्री कर दी। सड़क फिर से बदहाल हो गई है। - सुधीर चतुर्वेदी, ग्रामीण
डुंगरी-कोलीढेक रोड क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह स्कूलों और अन्य संस्थानों को जोड़ता है। इसके बावजूद प्रशासन इसकी अनदेखी कर रहा है। - गौरव पांडेय, पूर्व बीडीसी सदस्य