सड़क दुर्घटना में घायल चालक हर सिंह का सीएचसी लोहाघाट में उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। मरोड़ाखान-च्यूरानी ऑलवेदर रोड पर निर्माण सामग्री ढुलान कार्य में लगा एक हाइवा (डंपर) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे डंपर में सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम ने घायल को खाई से निकालकर सीएचसी लोहाघाट में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सोमवार दोपहर में चालक हर सिंह सौन (45) पुत्र गोविंद सिंह निवासी वड्डा पिथौरागढ़ आरजीबीईएल कंपनी के क्रसर से हाइवा नंबर यूके05सीए-2233 से रोड़ी लाकर राईकोट के पास हॉटमिक्स प्लांट में खाली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाराकोट के समीप खोल्का में हाइवा का स्टेयरिंग रॉड टूटने से वह वाहन से संतुलन खो बैठा। और हाइवा करीब 27 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसआई हेमंत कठैत के नेतृत्व में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके में पहुंच गई। उन्होंने घायल चालक को खाई से निकालकर सीएचसी लोहाघाट पहुंचाया। अस्पताल के डॉ.अमित यादव ने बताया कि घायल चालक सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। जिसे देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।