लोहाघाट (चंपावत)। तकनीकी खराबी के कारण लोगों के ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी न होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमाणपत्र बनाने के लिए लोग रोज सीएससी सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनके प्रमाणपत्र नहीं बना पा रहे हैं। लोगों ने शीघ्र समस्या का समाधान कर प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की है।
पूर्व बीडीसी सदस्य भैरव राय, ग्राम प्रधान भुवन चौबे, राजू अधिकारी, शिवराज बोहरा आदि जन प्रतिनिधियों का कहना है कि लोगों के ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी न होने से लोगों के कई काम अटक गए हैं। लोगों के ऑनलाइन चरित्र, जाति आय, स्थायी, हैसियत, उत्तरजीवी, पर्वतीय आदि प्रमाणपत्र न बनने से लोगों के काम अटक गए हैं। सीएचसी सेंटर संचालक जीवन उप्रेती, हरीश कुमार, अशोक कुमार, धर्मेंद्र अधिकारी, आदि का कहना है कि दीपावली से पहले से ऑनलाइन प्रमाणपत्र बनने में दिक्कतें आ रही हैं। उनका कहना है कि सीएससी सेंटर से प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया जा रहा है, लेकिन तहसील से डाउन ऑडर न होने से प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। लोग रोज-रोज सीएससी सेंटरों में आकर उन्हें अनावश्यक परेशान कर रहे हैं, कभी कभी तो विवाद की स्थिति भी पैदा हो जा रही है। एसडीएम आरसी गौतम, नायब तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कि ईडिस्टक साइट में तकनीकी खराबी के कारण दिक्कतें आ रही हैं। एसडीएम ने बताया कि साइट चालू हो गई है, पुराने पेंडिंग प्रमाणपत्रों को जारी किया जा रहा है। अभी भी डाउन ऑडर नहीं हो पा रहे हैं, जल्द समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।